राजधानी रायपुर सहित छत्‍तीसगढ़ का मौसम इन दिनों साफ है और पारा धीरे-धीरे चढ़ रहा है। इसी वजह से शुरुआती मार्च में ही रायपुर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं रविवार को भी रायपुर का मौसम साफ है और सुबह से तेज धूप खिली हुई है। दिन चढ़ने के साथ तापमान में बढ़ोतरी हो रही है।

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण ओडिशा और उसके आसपास एक चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर तक फैला हुआ है। लेकिन इसका छत्तीसगढ़ के मौसम पर विशेष प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है। गर्मी को लेकर मौसम विभाग का कहना है कि मार्च के अंत तक तापमान पिछले दस साल का रिकार्ड तोड़ देगा। आने वाले दिनों में तापमान तेजी से बढ़ेगा, जिससे 41.6 डिग्री का रिकार्ड टूटने की संभावना है।

छत्‍तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में सर्वाधिक तापमान रिकार्ड

रायपुर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास होगा। वहीं शनिवार को रायपुर में आसमान साफ था। दिनभर तेज धूप रही। मौसम विभाग के अनुसार सर्वाधिक तापमान दंतेवाड़ा में 36.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अधिकतम तापमान रायपुर में 35, माना रायपुर में 34.6, बिलासपुर में 33, पेण्ड्रारोड में 30.8, अंबिकापुर में 30, जगदलपुर में 35 और राजनांदगांव में 35 डिग्री सेल्सियस था। पिछली रात राजधानी रायपुर का न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस था।