महाराष्ट्र ने हरियाणा को पेनाल्टी शूटआउट में 2-1 से हराकर 13वीं सीनियर महिला हॉकी के फाइनल में जगह बना ली। अन्य सेमीफाइनल में मध्यप्रदेश ने झारखंड को 2-0 से हराया। अब महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के बीच रविवार को फाइनल खेला जाएगा। हरियाणा और झारखंड की टीमें तीसरे स्थान के लिए खेलेंगी।

हरियाणा को 18वें मिनट में देविका सेन ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल करके बढ़त दिलाई थी, लेकिन भावना खेडे ने 43वें मिनट में बराबरी का गोल कर दिया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर ही थीं। शूटआउट में महाराष्ट्र के लिए लारुअतफेली और आकांक्षा सिंह ने गोल किए। अन्य सेमीफाइनल में करिश्मा सिंह (56वां मिनट) और दीक्षा तिवारी (58वां मिनट) के गोल से मध्यप्रदेश ने अपनी जीत सुनिश्चित की।