राजधानी रायपुर में मौसम फिर करवट ले रहा है। रविवार सुबह से बादल छाए हुए हैं। आसमान में छाए बादलों से लोगों को सुबह सूरज की तीखी धूप और गर्मी की तपिश से राहत मिली। मौसम विभाग ने सात और आठ अप्रैल को कुछ स्थानों पर अंधड़, गरज चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में ओले भी बरस सकते हैं। रायपुर, दुर्ग के साथ बिलासपुर संभाग में इसका ज्यादा असर दिखेगा। अगले दो दिनों में तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट के संकेत हैं।

मौसम विभाग के अनुसार हवा की अनियमित गति दक्षिण छत्तीसगढ़ से कोमोरीन क्षेत्र तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से नमी का आगमन प्रारंभ हो गया है। प्रदेश में सात और आठ अप्रैल को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।

एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने, वज्रपात होने और ओला वृष्टि होने की संभावना है। अधिकतम तापमान में अगले दो दिनों में चार से पांच डिग्री की गिरावट होने की संभावना है। वर्षा सभी संभागों के जिलों में संभावित है। बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभाग के जिलों में इन दो दिनों में वर्षा की मात्रा और क्षेत्र ज्यादा संभावित है।

डोंगरगढ़ में सर्वाधिक तापमान दर्ज

शनिवार को राजधानी में सुबह से दोपहर तक तेज धूप थी, लेकिन दोपहर बाद बादल छाने लगे। अधिकतम तापमान रायपुर में 41.4, माना में 41.6, बिलासपुर में 40.4, पेण्ड्रारोड में 37.6, अंबिकापुर में 38, जगदलपुर में 40.2, दुर्ग में 41.2 और राजनांदगांव में 42 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस तक अधिक है। सर्वाधिक तापमान डोंगरगढ़ में 42.7 डिग्री सेल्सियस था। रायपुर में नमी 46-24 प्रतिशत तक थी। यहां पिछली रात न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस था।