देवास  ।  पहले दुनिया में भारत की साख बहुत अच्छी नहीं थी। दुनिया के देशों में क्या हो रहा है, इस पर भारत की राय को तवज्जो नहीं दी जाती थी। वर्ष 2014 में नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से भारत की साख दुनिया में लगातार बढ़ी है। अब विश्व की बड़ी से बड़ी समस्या पर वैश्विक मंचों पर भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विचारों को सब ध्यान से सुनते हैं। यह बात भाजपा द्वारा 'कल, आज और कल' विषय पर आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कही। सम्मेलन में विजयवर्गीय ने कहा कि मोदीजी के आने के बाद से भारत खेल, विज्ञान, उद्योग, व्यापार, अंतरिक्ष, विदेश नीति सहित हर क्षेत्र में लंबी छलांग लगा रहा है। आज भारत विकसित देश बनने की ओर अग्रसर है। देवास में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन में मौजूद श्रोता।

लगातार मिसाइल टेस्ट हो रहा, भारत की सेना सशक्त हो रही

उन्होंने कहा कि आज भारत का विदेशी मुद्रा भंडार लगातार बढ़ रहा है। रक्षा मंत्रालय लगातार मिसाइल टेस्ट कर रहा है और सेना भी सशक्त हो रही है। उन्होंने सवाल किया कि यह सब मोदी के पहले क्यों नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार पारदर्शिता के साथ काम कर रही है।