बर्न । स्विट्जरलैंड की संसद ने बुर्का पहनने पर रोक लगा दी है। संसद ने सख्त कानून बनाकर इस पर प्र‎तिबंध लगाया है। नए कानून को मंजूरी प्रदान करते हुए देश में बुर्का पहनने और चेहरा ढकने पर बैन लगा दिया है। स्विट्जरलैंड की संसद के निचले सदन ने बुर्के को प्रतिबंधित करने के पक्ष में वोटिंग की। यह बिल मुस्लिम महिलाओं के बुर्का पहनने और चेहरे को ढकने पर प्रतिबंध के लिए लाया गया था। इस बिल के पक्ष में 151 वोट पड़े, वहीं बिल के विरोध में 29 वोट ही पड़े थे। सीनेट ने इसे अपनी मंजूरी दे दी। स्विट्जरलैंड की संसद ने बुर्का पहनने पर प्रतिबंध लगाने वाले जिस नए कानून को मंजूरी दी है उसके तहत अब उल्लंघन करने पर 1 हजार स्विस फ्रैंक (लगभग 91 हजार रुपये) तक जुर्माने का प्रावधान किया गया है। इस कानून को हायर संसद की ओर से पहले ही मंजूर कर लिया गया था, लेकिन अब इसे संघीय तौर पर मंजूरी दे दी गई है। इस कानून का पब्लिक प्लेस और निजी ऑफिसेज में पालन करना जरूरी है।
इस कानून के बाद अब लोगों के पूजा स्थलों जैसे कुछ स्थानों को छोड़ कर सार्वजनिक स्थानों और निजी इमारतों में भी नाक, मुंह और आंखों को बुर्के से नहीं ढका जा सकेगा। साल 2021 में स्विस मतदाताओं ने देश में कुछ मुस्लिम महिलाओं के पहने जाने वाले नकाब और बुर्के के बैन वाले प्रस्ताव को अपनी मंजूरी दी थी। इसके बाद बिल के प्रस्ताव के विरोध में प्रदर्शन होने लगे थे। कई महिला संगठनों ने भी इस बिल का विरोध किया था। कई नारीवादी संगठनों ने बुर्के को बैन करने वाले प्रस्ताव के विरोध में यह तर्क दिया था कि ये प्रस्ताव बेकार, नस्लवादी और लिंगवादी है।