असम के खिलाफ पृथ्वी शॉ ने अपने घरेलू क्रिकेट का पहला तिहरा शतक जड़ दिया है। उन्होंने खेल के दूसरे दिन पहले सेशन में 326 गेंद का सामना करते हुए यह ट्रिपल सेंचुरी पूरी की। यह घरेलू क्रिकेट में उनका सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर भी है। इससे पहले उनका सर्वाधिक स्कोर 202 रन का था, लेकिन अब पृथ्वी इससे आगे निकल गए हैं। उन्होंने अपनी इस पारी में 43 चौके और 2 छक्के लगाए।

मुंबई के 8वें बल्लेबाज बने

पृथ्वी शॉ रणजी ट्रॉफी में मुंबई के लिए तिहरा शतक लगाने वाले 8वें बल्लेबाज बन गए हैं। पहले दिन का खेल खत्म होने तक पृथ्वी ने 240 रन बना लिए थे और तीसरे दिन भी उन्होंने अपने रन बनाने का सिलसिला जारी रखते हुए 300 का आंकड़ा छू लिया।

विशाल स्कोर की ओर मुंबई
पृथ्वी शॉ की इस दमदार पारी के दम पर मुंबई की टीम दूसरे दिन असम के खिलाफ एक बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही है। मुंबई के केवल 2 विकेट गिरे हैं और उसने 500 से ज्यादा रन बना लिए हैं।पृथ्वी शॉ की बात करें तो इस मैच से पहले उनका बल्ला खामोश चल रहा था, लेकिन उन्होंने एक चैंपियन बल्लेबाज की तरह वापसी की है। इस मैच से पहले उन्होंने 7 इनिंग्स में केवल 160 रन बनाए थे।
घरेलू क्रिकेट में पृथ्वी शॉ के प्रदर्शन की बात करें तो 23 साल के इस युवा बल्लेबाज ने 41 फर्स्ट-क्लास मैच में 3,300 रन बनाए हैं। उन्होंने इस दौरान 12 सेंचुरी और 15 हाफ सेंचुरी लगाई है।
लंबे वक्त से टीम इंडिया से बाहर चल रहे पृथ्वी की इस पारी ने सेलेक्टरों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। ऐसे में देखना बेहद दिलचस्प होगा कि बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान उन्हें टीम इंडिया के लिए मौका मिलता है या नहीं। उन्होंने टीम इंडिया के लिए आखिरी मैच जुलाई 2021 में खेला था।