भोपाल,। मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव में होने वाले हैं। चुनावी पटाक्षेप में प्रदेश की जनता किसे अपना सरताज बनाती है, इसका फैसला 3 दिसंबर को हो जाएगा। इस बीच भाजपा-कांग्रेस जहां प्रदेश में सरकार बनाने, तो डेढ़ दर्जन से ज्यादा राजनीतिक दल अपना राजनीतिक वजूद बनाने के लिए चुनावी मैदान में पूरी ताकत लगा रहे हैं। इसके लिए ताबड़-तोड़ चुनावी सभा और रैलियां कर रहे हैं। इसके साथ चुनावी फिजा बदलने के लिए इन दलों ने 500 से ज्यादा स्टार प्रचारक चुनाव मैदान में उतार दिए हैं। इनमें कोई नेता है, तो कई अभिनेता हैं। स्टार प्रचारक पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, अनुराग ठाकुर, प्रहलाद पटेल, उप्र के सीएम योगी आदित्य नाथ, सीएम शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी, राहुल गांधी, पूर्व सीएम कमलनाथ और दिग्विजय सिंह लगातार चुनावी सभाएं और रैलियां कर रहे हैं। इसके साथ जया बच्चन, राज बब्बर, मनोज तिवारी, रवि किशन और स्मृति ईरानी जैसे फिल्मी सितारों की मप्र में या तो ताबड़तोड़ चुनावी सभाएं हो चुकी हैं, या फिर होने जा रही हैं। राजनीतिक दलों ने प्रदेश के मतदाताओं को अपने पक्ष में रिझाने के लिए इन सितारों को बतौर स्टार प्रचारक चुनाव मैदान में उतारा है। हम बता दें कि 18 राजनैतिक दलों के 500 से ज्यादा स्टार प्रचारक चुनावी मैदान में उतरे हुए हैं।

किस पार्टी के कितने स्टार प्रचारक चुनाव मैदान में
भाजपा-कांग्रेस और बसपा के 40-40 स्टार प्रचारक मैदान में हैं, तो आम आदमी पार्टी (आप) ने 35, समाजवादी पार्टी और सपाक्स पार्टी ने 20-20 स्टार प्रचारक चुनाव मैदान में उतारे हैं। जन अधिकार पार्टी, प्रगतिशील समाज पार्टी, भारतीय वंचित समाज पार्टी, भारतीय मानव समाज पार्टी और जनसेवा पार्टी ने 15-15 स्टार प्रचारकों को चुनावी समर में उतारा है। अखिल भारतीय हिंदू महासभा ने 13, तो नेशनल यूथ पार्टी और बहुजन मुक्ति पार्टी के 12-12 स्टार प्रचारक चुनावी मैदान में उतारे हैं। इसके अलावा अखिल भारतीय गोंडवाना पार्टी के 11 स्टार प्रचारक मैदान में उतरे हुए हैं।