भोपाल । प्रदेश में गर्मी ने अपना असर दिखाना प्रारंभ कर दिया है। प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने वाली कोई मौसम प्रणाली वर्तमान में सक्रिय नहीं है। बुधवार को प्रदेश का राजगढ शहर देश का सबसे गर्म शहर रहा। प्रदेश में आसमान साफ रहने के कारण धूप निकल रही है। इससे गर्मी के तेवर तीखे होने लगे हैं। इसी क्रम में बुधवार को प्रदेश में सबसे अधिक 43 डिग्री सेल्सियस तापमान राजगढ़ में दर्ज किया गया। जो प्रदेश में इस सीजन का सबसे अधिक तापमान है। साथ ही यह बुधवार को देश के सबसे गर्म शहरों में पहले नंबर पर रहा। मंगलवार को भी राजगढ़ देश के गर्म शहरों में पहले नंबर पर रहा था। प्रदेश के 10 शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक गुरुवार–शुक्रवार को भी गर्मी के तेवर इसी तरह रहेंगे। हालांकि इस दौरान इंदौर संभाग के जिलों में कहीं–कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है। 15 अप्रैल से एक बार फिर प्रदेश में कहीं–कहीं बादल छा सकते हैं। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक अरब सागर और उससे लगे पाकिस्तान पर हवा के ऊपरी भाग में बना चक्रवात अब दक्षिण–पश्चिमी राजस्थान पर आ गया है। इसके अतिरिक्त पूर्वी विदर्भ से लेकर कर्नाटक तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है। हालांकि विदर्भ से लेकर कर्नाटक तक बनी ट्रफ लाइन के कारण गुरुवार–शुक्रवार को इंदौर संभाग के जिलों में कहीं–कहीं बादल छाएंगे। साथ ही बूंदाबांदी भी हो सकती है। उधर 15 अप्रैल को एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में प्रवेश करने जा रहा है। उसके असर से एक बार फिर वातावरण में नमी बढ़ने से मध्य प्रदेश में बादल छाने लगेंगे। इससे तापमान में कुछ गिरावट होने की संभावना है।मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वातावरण से नमी कम होने के कारण प्रदेश के अधिकतर शहरों से बादल छंट गए हैं। इस वजह से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला शुरू हो गया है। मौसम का इस तरह का मिजाज अभी दो दिन तक बना रहेगा।