हैदराबाद।  तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में एक दवा कंपनी  के रासायनिक रिएक्टर में विस्फोट हो जाने से चार लोगों की मौत हो गई। 16 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। घायलों में दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को हैदाराबाद रेफर किया गया है। घटना की पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृतकों में कंपनी के निदेशक भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने घटना पर दुख व्यक्त किया।  
तेलंगाना के संगारेड्डी जिले के हथनूरा मंडल के चंदापुर गांव में स्थित एसबी ऑर्गेनिक्स लिमिटेड की फैक्टरी में बुधवार शाम विस्फोट हुआ और आग लग गई। अधिकारियों ने बताया कि दवा कंपनी के परिसर में फैली आग पर बाद में काबू पा लिया गया। पुलिस ने कहा कि मृतकों में फार्मा कंपनी के निदेशक और तीन कर्मचारी शामिल हैं, लेकिन मृतकों के बारे में अधिक जानकारी तत्काल उपलब्ध नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है यह संयंत्र हैदराबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से करीब 40 किलोमीटर दूर है।  
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दवा कंपनी के रिएक्टर में विस्फोट से  उसके आसपास मौजूद लोग धमाके से दूर जा गिरे...चार लोगों की मौत हो गई। घटना में घायल 16 अन्य लोगों को इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायलों में दो की हालत गंभीर है और उन्हें हैदराबाद के एक अस्पताल में रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि पीड़ित अलग-अलग राज्यों के हैं और विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है। 
तेलंगाना के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया और राज्य प्रशासन को पीड़ितों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया। राजभवन द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि उन्होंने त्रासदी में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। वहीं मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने भी अधिकारियों से बैठक कर घटना पर दुख व्यक्त किया।