मध्य प्रदेश में 24 घंटे में प्रदेश भर में 308 केस मिले हैं। इंदौर में विस्फोटक स्थिति है। यहां 137 केस आए हैं। गृहमंत्री और इंदौर के प्रभारी मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि इंदौर में मिले केस में आधे ओमिक्रॉन तो आधे डेल्टा वैरिएंट के हैं। घातक डेल्टा वैरिएंट ही प्रदेश में दूसरी लहर लाया था। हजारों लोग मारे गए थे।

एक दिन पहले ही प्रदेश में 221 केस आए थे। एक्टिव केस बढ़कर 1029 हो गए हैं। संक्रमितों में कलेक्टर, SDM और डॉक्टर भी शामिल हैं। सिंधिया के PA भी पॉजिटिव आए हैं।

इनमें एक SDM अक्षय मर्काम भी हैं। यहां 1 मरीज की मौत भी हुई है। 21 दिसंबर को भी दो मौतें हो चुकी हैं। संक्रमण दर बढ़कर 1.85 हो गई है। नए संक्रमितों में 69 भोपाल से हैं। दतिया कलेक्टर संजय कुमार, उनकी पत्नी और परिवार के दो अन्य सदस्य भी पॉजिटिव हो गए हैं। कलेक्टर की बेटी दो दिन पहले ही दिल्ली से लौटी थी।

भोपाल में 69 केस, IAS अफसर भी संक्रमित

भोपाल में मंगलवार को 5792 टेस्ट में 69 पॉजिटिव केस आए। इसमें एक IAS अफसर की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इन्हें हल्के लक्षण थे। अभी वह होम आइसोलेशन में हैं। शहर में एक्टिव मरीजों की संख्या 190 पहुंच गई है। इसमें 174 होम आइसोलेशन और 16 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। भोपाल में CRPF के तीन और जवानों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 

  • ग्वालियर में 25 संक्रमित मिले हैं। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के PA पाराशर और उनके बेटे पॉजिटिव आए हैं। नीदरलैंड में नौकरी करने वाले 42 साल का शख्स, पत्नी और 6 साल का बेटा संक्रमित मिले हैं। ये लोग 16 दिसंबर को ग्वालियर आए थे। वापस जाने के लिए उन्होंने अपना सैंपल दिया तो रिपोर्ट में तीनों संक्रमित पाए गए। जनकगंज डिस्पेंसरी के वरिष्ठ चिकित्सक को खांसी, जुकाम और बुखार था। उन्होंने जांच कराई, तो वह भी संक्रमित निकले। बीमार होने से पहले वह अस्पताल में मरीज देख रहे थे। डॉक्टर कोरोना की दूसरी लहर में भी संक्रमित हुए थे। जिला अस्पताल मुरार में पदस्थ 39 साल का कर्मचारी भी संक्रमित निकला है। 
  • जबलपुर में 21 नए संक्रमित मिले हैं। सभी को हल्के लक्षण हैं। होम आईसोलेट हैं। संक्रमितों में तीन आंध्रप्रदेश, दो दिल्ली, मुम्बई से एक मुंबई से लौटा है। 10 अन्य लोग अलग-अलग शहरों से आए हैं। नए संक्रमितों में पांच महिलाएं हैं और बाकी पुरुष हैं। संक्रमितों में सबसे कम उम्र 21 वर्षीय युवक की है। सबसे अधिक उम्र 62 वर्षीय बुजुर्ग की है। सभी को वैक्सीन के दोनों डोज लग चुके हैं।
  • रतलाम में एक संक्रमित मिला है। GRP 22 साल के युवक को हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश करने ले जा रही थी। एंटीजन टेस्ट में युवक पॉजिटिव मिला। 
  • उज्जैन में 9 केस मिले हैं। चरक हॉस्पिटल की महिला डॉक्टर संक्रमित मिली हैं। एक संक्रमित नोएडा से लौटा है। शारजाह से मुंबई और फिर उज्जैन आए शख्स भी पॉजिटिव आए। 
  • सागर में भी 5 नए कोरोना मरीज मिले हैं। यह मरीज 1 जनवरी को संक्रमित मिले कोरोना मरीजों की संपर्क में आए थे। मरीजों में 49 साल का शख्स निवासी पथरिया जाट, 17 साल की लड़की और लड़का, 19 साल की युवती ( तीनों अहमदनगर इलाके से हैं) और मोतीनगर की 42 साल की महिला शामिल हैं। 
  • खंडवा में 4 केस आए हैं। संक्रमितों में 2 टीचर तो 5 और 6 साल के 2 बच्चे हैं। बच्चे नवकार नगर के हैं। परिवार के सदस्य पहले से संक्रमित हैं। प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने वाले एक टीचर अमन नगर तो दूसरे आनंद नगर से हैं। 
  • शिवपुरी में 6 नए संक्रमित मिले हैं। एक मरीज मुंबई का रहने वाला इलेक्ट्रिशियन है। चार मरीज शिवपुरी और एक कोलारस का रहने वाला है। संक्रमितों में शंकर कॉलोनी निवासी 25 साल का युवक, कमलागंज निवासी 38 साल का युवक, विवेकानंद कॉलोनी निवासी 18 साल का युवक, ठंडी सड़क हनुमान गली निवासी 32 साल की युवती और एबी रोड कोलारस निवासी 40 साल का शख्स शामिल हैं।

इंदौर-भोपाल में परिवारों में कोरोना

इंदौर और भोपाल में परिवारों पर कोरोना टूट पड़ा है। दोनों शहरों में अब तक 286 में से 66 केस 16 परिवारों से आए हैं। इंदौर में नौ परिवारों के 39 लोग शामिल हैं। भोपाल के 7 परिवारों से 27 संक्रमित हैं। इसमें पति, पत्नी और बच्चे भी हैं।

इंदौर में बढ़ सकती हैं पाबंदियां

इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह ने सोमवार को कहा, कोरोना के केस जिस रफ्तार से बढ़ रहे हैं, वह खतरनाक है। हम और प्रतिबंध लगाएंगे। शादियों में गेस्ट की संख्या सीमित करेंगे। बड़े कार्यक्रम कोई न कराएं। कोरोना के डेल्टा वैरिएंट लगातार मिलने के साथ ओमिक्रॉन भी तेजी से फैल रहा है। तबाही मचाने वाली दूसरी लहर डेल्टा ही लाया था। इस जानलेवा वैरिएंट के पेशेंट लगातार मिल रहे हैं।