भोपाल ।   मध्‍य प्रदेश में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। सरकार, केंद्र और राज्य की हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए कार्ययोजना बनाकर काम कर रही है। इसके लिए मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान (17 सितंबर से 31 अक्टूबर) चलाया गया था। इसमें 83 लाख पात्र व्यक्ति विभिन्न योजनाओं के लिए चिन्हित किए गए। इन्हें लाभ पहुंचाने की शुरुआत भी बैतूल से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कर चुके हैं। अब इस कार्यक्रम को विस्तार देने की कार्ययोजना बनाई गई है। इसमें घर-घर पहुंचाकर यह पता लगाया जाएगा कि कितने और व्यक्ति ऐसे हैं, जिन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जा सकता है। इसके लिए मंत्री और विधायक घर-घर जाएंगे। इस कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा भी सहयोगी की भूमिका निभाएगी। पार्टी पदाधिकारी भी घर-घर संपर्क करेंगे और योजनाओं के बारे में फीडबैक जुटाकर सरकार तक पहुंचाएंगे। सरकार ने जन सेवा अभियान में मंत्रियों के समूह बनाकर जिलों के दौरे पर भेजा था। इसमें शिविर लगाकर पात्र हितग्राहियों के आवेदन लिए गए थे। 83 लाख व्यक्ति विभिन्न योजनाओं के लिए पात्र पाए गए और अब इन्हें स्वीकृति पत्र दिए जा रहे हैं। इसके लिए मुख्यमंत्री संभागवार कार्यक्रम कर रहे हैं और मंत्रियों को प्रभार के जिलों में जाकर हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र या आदेश देने के निर्देश दिए हैं। दरअसल, सरकार का प्रयास है कि चुनाव से पहले उन सभी व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिला दिया जाए, जो पात्रता तो रखते हैं पर उन्हें लाभ नहीं मिला है। इसके लिए अब घर-घर संपर्क अभियान चलाने की कार्ययोजना तैयार की गई है।कृषि मंत्री कमल पटेल का कहना है कि हरदा में हमने इस प्रयोग को किया है। इसके अच्छे परिणाम सामने आए हैं। अब इसका विस्तार किया जा रहा है। अभियान में केंद्र और राज्य सरकार की सभी हितग्राहीमूलक योजनाओं के लिए ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित किया जाएगा, जो पात्र हैं पर लाभ नहीं मिल रहा है। वहीं, प्रदेश भाजपा भी इस अभियान में सहयोगी की भूमिका निभाएगी। घर-घर संपर्क करके फीडबैक जुटाकर सरकार तक पहुंचाया जाएगा। सरकार विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों के जल्द ही सम्मेलन भी प्रारंभ करेेगी।