भोपाल  ।  मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। भाजपा के राज्यसभा सदस्य और भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद के अध्यक्ष विनय सहस्त्रबुद्धे पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही। मोदी सरकार के नौ साल पूरा होने पर भाजपा के विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत सहस्त्रबुद्धे मीडिया के साथ बातचीत कर रहे थे। उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।विधानसभा चुनाव में भाजपा के चेहरे के सवाल पर सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि कभी -कभी सामने वालों का मन विचलित हो सकता है, लेकिन हमारा मन एक दम सही है। वर्ष 2018 के चुनाव में हुई पार्टी की हार को लेकर सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि पार्टी चुनाव परिणामों की समीक्षा करती है। हम उसका समाधान निकाल लेते हैं। उस समय हम दो चार सीटों ही पीछे थे। कोई बड़ी चूक नहीं हुई थी। इस बार हम जनता के मन को जीतकर विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनाएंगे।मोदी सरकार के नौ वर्ष पूरा होने पर कहा कि भाजपा एक संस्था है, जिसकी विचारधारा नहीं बदल सकती। मोदी सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति का विकास है। सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि चेहरे बदलते हैं, सरकारें बदलती है लेकिन सोच वहीं रहती है।

संगठन में बदलाव पर बोले, मैं भविष्यवेत्ता नहीं

सहस्त्रबुद्धे ने मप्र भाजपा संगठन में बदलाव को लेकर कहा कि मैं कोई भविष्यवेत्ता नहीं हूं। पार्टी के निर्णयकर्ता क्या निर्णय करेंगे मैं इस पर कुछ नहीं बता पाऊंगा। मेरा काम महाजनसंपर्क अभियान है। मैं वहीं करने आया हूं।