भोपाल ।   नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत मिली है। अब तक आए परिणामों में 329 निकायों में से भाजपा को 275 निकायों में जीत मिली है। शुक्रवार को 52 परिषद अध्यक्ष पदों पर हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों ने 38 पर विजय प्राप्त की। मध्य प्रदेश के नगरीय निकाय चुनाव के इतिहास में यह भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले नगर निगमों के महापौर के चुनाव में भाजपा को 16 में 9 शहर में जीत मिली थी। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाजपा पर ग्रामीण क्षेत्र की जनता ने अभूतपूर्व विश्वास व्यक्त किया। इसी प्रकार नगरीय निकायों में भी नागरिकों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि नागरिकों को शहर का विकास चाहिए और इसके लिए भारतीय जनता पार्टी से बेहतर कोई नहीं हो सकता। भाजपा की ऐतिहासिक जीत मध्य प्रदेश में नगरीय निकायों के विकास के स्वर्णिम युग की शुरुआत है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता के आशीर्वाद से ग्रामीण निकाय चुनाव के साथ नगरीय निकाय चुनाव में भी जीत का इतिहास दर्ज कर रही है। निकाय चुनाव के पश्चात अध्यक्षों के निर्वाचन में जिस तरह एकतरफा भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष निर्वाचित हो रहे हैं वह जनता के विश्वास का परिणाम है। नगरीय निकायों में जीत के ध्वजवाहक बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने दिन रात परिश्रम की पराकाष्ठा कर पार्टी को हर घर और हर बूथ पर विजयी बनाया।